नई दिल्ली, 23 जुलाई।
केंद्र सरकार ने आंध्र प्रदेश के श्री सत्य साई जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-42 के मुदिगुब्बा से कदिरी खंड को दो लेन से चार लेन में विकसित करने के लिए 679.71 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इस परियोजना से आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कई क्षेत्रों को बीकेवी एक्सप्रेसवे, तिरुपति और चेन्नई तक बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मौजूदा दो लेन सड़क को पक्के कंधों सहित चार लेन राजमार्ग में बदला जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से अनंतपुर और श्री सत्य साई जिलों के साथ-साथ कर्नाटक के कुछ हिस्सों का बीकेवी एक्सप्रेसवे, तिरुपति और चेन्नई से निर्बाध संपर्क स्थापित होगा। इससे यात्रा और माल परिवहन में लगने वाला समय कम होगा, यातायात का दबाव घटेगा और क्षेत्रीय लॉजिस्टिक्स के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
परियोजना के तहत चार लेन मुख्य मार्ग, सर्विस रोड, एक फ्लाईओवर, एक वाहन अंडरपास-सह-रोड ओवर ब्रिज और एक प्रमुख पुल का निर्माण किया जाएगा। इससे यात्रियों और मालवाहक वाहनों के लिए सफर अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।











