मॉस्को/कीव, 28 जुलाई।
रूस-यूक्रेन युद्ध लगातार जारी है और दोनों देशों के बीच हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने सोमवार को कहा कि 15 से 24 जुलाई के दौरान यूक्रेन की ओर से रूसी नागरिकों को निशाना बनाकर किए गए हमलों में 86 लोगों की मौत हुई है।
उन्होंने बताया कि मृतकों में छह बच्चे भी शामिल हैं। उनके अनुसार, इस अवधि में 12 बच्चों समेत कुल 409 लोग घायल हुए। ज़खारोवा ने आरोप लगाया कि पश्चिमी देश यूक्रेन को हथियार उपलब्ध कराकर उसकी सैन्य क्षमता बढ़ा रहे हैं और रूस के खिलाफ हमलों को प्रोत्साहित कर रहे हैं।
प्रवक्ता ने यह भी कहा कि रूसी संघ की जांच समिति के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2014 से 2026 के बीच यूक्रेनी सेना के हमलों में 240 से अधिक बच्चों की जान गई है और करीब 1,225 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया इस घटनाक्रम से अनजान होने का दावा नहीं कर सकती और यूक्रेन तथा उसके सहयोगियों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
इधर, सोमवार सुबह दक्षिणी रूस में हुए यूक्रेनी ड्रोन हमलों में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और करीब दो दर्जन अन्य घायल हुए। रोस्तोव के गवर्नर यूरी स्ल्यूसर ने बताया कि अजोव सागर के निकट रोस्तोव-ऑन-डॉन में एक रिहायशी इमारत पर हुए हमले में पहले एक दंपती की मौत हुई, बाद में मलबे से एक बच्चे सहित तीन और शव बरामद किए गए।
स्ल्यूसर के मुताबिक हमले में पांच लोग घायल हुए, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि ड्रोन का मलबा गिरने से कई स्थानों पर आग लग गई। रोस्तोव-ऑन-डॉन पर हुए हमले के कुछ घंटे बाद रूसी रेलवे ने 4 अगस्त तक अजोव और टैगनरोग के प्रमुख बंदरगाहों के लिए माल ढुलाई पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। उधर, बेलगोरोद शहर में हुए ड्रोन हमले में दो बच्चों सहित 12 लोग घायल हुए और एक रिहायशी इमारत में आग लग गई।
दूसरी ओर, रूस भी लगातार जवाबी कार्रवाई कर रहा है। यूक्रेन के जापोरिज्जिया प्रांत के गवर्नर इवान फेडोरोव ने बताया कि दक्षिणी शहर पर गाइडेड एरियल बम और ड्रोन से किए गए हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई और दो अन्य घायल हो गए। उन्होंने कहा कि बीते कुछ महीनों से इस शहर पर लगातार भारी बमबारी हो रही है। वहीं, यूक्रेन के उत्तरी सुमी क्षेत्र में रूस के गाइडेड एरियल बम हमले में पांच लोग घायल हुए।
रविवार को रूसी सेना ने कीव पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। यूक्रेन की वायु सेना के अनुसार राजधानी को बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाया गया, जिससे शहर में कई विस्फोट हुए। वहीं, उत्तरी यूक्रेन के चेर्निहाइव शहर में स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि एक रूसी ड्रोन ने सुपरमार्केट पर हमला किया, जिसमें 10 वर्षीय बच्चे सहित दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हुए।











