अमेठी, 29 जुलाई।
अमेठी जिले के जायस कोतवाली क्षेत्र के मुखेतिया गांव में एक नवविवाहिता का शव घर के भीतर कमरे में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
मृतका की पहचान इंद्राणी (21) पत्नी शैलेंद्र प्रताप मौर्य के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार जिस कमरे में शव मिला, वह अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक इंद्राणी के पति शैलेंद्र प्रताप मौर्य महाराष्ट्र में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और घटना के समय वहीं मौजूद थे। सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और पति पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए। मृतका की मां का कहना है कि विवाह के बाद से उनकी बेटी को परेशान किया जा रहा था। जानकारी के अनुसार इंद्राणी का विवाह इसी वर्ष आठ मई को हुआ था।
पुलिस ने बताया कि मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।













