रायगढ़, 29 जुलाई।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को रायगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे और निर्धारित धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वह सुबह रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से रवाना होंगे।
अपने प्रवास की शुरुआत मुख्यमंत्री ग्राम पंचायत बनोरा स्थित अघोर आश्रम में गुरु दर्शन से करेंगे। इसके बाद वह पंडरीपानी स्थित कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री कोसमनारा स्थित सत्यनारायण बाबा धाम में दर्शन-पूजन करेंगे और वहां आयोजित अन्य निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सभी कार्यक्रम पूरे करने के बाद वह दोपहर में हेलीकॉप्टर से रायपुर लौट आएंगे।
रात्रि में मुख्यमंत्री शाम 8:30 बजे मुख्यमंत्री निवास से स्वामी विवेकानंद विमानतल के लिए रवाना होंगे। वहां से रात 9:30 बजे इंडिगो की निर्धारित उड़ान से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। रात 11:25 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचने के बाद छत्तीसगढ़ सदन में रात्रि विश्राम करेंगे।

















