टाम्पा (फ्लोरिडा), 29 जुलाई।
अमेरिका के सेंटकॉम और संयुक्त अरब अमीरात ने सैन्य क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग को नई गति देने के लिए पहली द्विपक्षीय संयुक्त टास्क फोर्स बनाने की घोषणा की है। 'टास्क फोर्स टैलन सिनैप्स' नाम से गठित यह इकाई आगामी कुछ सप्ताह में औपचारिक रूप से अपना काम शुरू करेगी।
अबू धाबी में स्थापित होने वाली इस संयुक्त टास्क फोर्स में दोनों देशों के करीब 20 विशेषज्ञ शामिल होंगे। इन विशेषज्ञों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा विश्लेषण और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में अनुभव प्राप्त है। इसका उद्देश्य आधुनिक एआई तकनीकों को सैन्य अभियानों का हिस्सा बनाकर रक्षा क्षमताओं को और मजबूत करना है।
सेंटकॉम के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने इसे क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग के लिए अहम पहल बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका और यूएई मिलकर ऐसी एआई तकनीकों के विकास और उपयोग पर काम करेंगे, जो सैन्य नवाचार को अधिक तेज और व्यापक स्वरूप प्रदान करेंगी।
जानकारी के अनुसार, इस संयुक्त टास्क फोर्स की अवधारणा पर पिछले वर्ष एडमिरल कूपर और यूएई के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शेख तहनून बिन जायद अल नहयान के बीच चर्चा हुई थी। इसके बाद हाल के महीनों में सेंटकॉम ने क्षेत्रीय दौरे के दौरान एआई क्षेत्र के विशेषज्ञों और यूएई के रक्षा अधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें कीं।
नई टास्क फोर्स का प्रमुख उद्देश्य एआई आधारित खुफिया सहायता प्रणाली को मजबूत करना, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा बढ़ाना और क्षेत्रीय सुरक्षा गतिविधियों की निगरानी के लिए उन्नत एआई अनुप्रयोग विकसित करना होगा।















