इस्लामाबाद, 29 जुलाई।
पाकिस्तान के बलोचिस्तान में एक बार फिर हिंसा की बड़ी घटना सामने आई है, जहां बरखान जिले में हथियारबंद लोगों ने नाकाबंदी के दौरान वाहनों की जांच करते हुए डिप्टी कमिश्नर मुरीद बुगती और उनके साथ मौजूद तीन सुरक्षाकर्मियों की हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार हमलावरों ने घाटा चौक के पास डिप्टी कमिश्नर को उनके बॉडीगार्ड्स सहित अपने कब्जे में लिया और बाद में उनकी हत्या कर दी। घटना में मारे गए अन्य तीन लोगों को स्क्वायड दस्ते का सदस्य बताया गया है।
इसी दौरान तुर्बत के दारमकोल पेडरक क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हथियारबंद लोगों ने तीन व्यक्तियों को गोली मार दी, जिनकी पहचान शाह बेग, अमानुल्लाह और अल्ताफ हुसैन के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मृतक संघीय सरकार समर्थित डेथ स्क्वायड से जुड़े हुए थे। इन दोनों घटनाओं की जिम्मेदारी अब तक किसी भी संगठन ने नहीं ली है।
उधर, प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को देखते हुए बलोचिस्तान सरकार ने नुश्की जिले में लागू कर्फ्यू को 31 जुलाई तक जारी रखने का निर्णय लिया है। गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार इस अवधि में बिना अनुमति घर से बाहर निकलने, आवाजाही, भीड़ जुटाने, जुलूस निकालने और गैर-जरूरी यात्रा पर रोक रहेगी। आवश्यक सेवाओं और सरकारी कर्मचारियों को छूट देने का अधिकार डिप्टी कमिश्नर को रहेगा। अधिसूचना में कहा गया है कि 28 जुलाई को नुश्की के वेस्टर्न बाईपास स्थित फ्रंटियर कॉर्प्स पोस्ट पर हुए हमले के बाद सुरक्षा हालात लगातार संवेदनशील बने हुए हैं।













