भोपाल, 28 जुलाई।
मध्य प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार, 8 आईएएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है, जबकि एक वरिष्ठ अधिकारी को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।
जारी आदेश के तहत दिनेश जैन (2011 बैच) को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव पद से हटाकर मध्य प्रदेश शासन में अपर सचिव बनाया गया है।
गिरीश शर्मा (2011 बैच) को अपर सचिव, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
अंकित अस्थाना (2014 बैच) को उप सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें कर्मचारी चयन मंडल के संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
अदिति गर्ग (2015 बैच) को मंदसौर कलेक्टर पद से स्थानांतरित कर मध्य प्रदेश स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट की परियोजना संचालक, मध्य प्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड की मुख्य कार्यपालन अधिकारी, रोजगार संचालक और एसएसआर ग्लोबल स्किल पार्क के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
पार्थ जायसवाल (2015 बैच) को शहडोल कलेक्टर बनाया गया है, जबकि मृणाल मीणा (2015 बैच) को छतरपुर कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
मिशा सिंह (2016 बैच) को रतलाम कलेक्टर पद से स्थानांतरित कर अपर आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास, भोपाल नियुक्त किया गया है।
कुमार सत्यम (2017 बैच) को ग्वालियर अपर कलेक्टर पद से पदोन्नत कर बालाघाट कलेक्टर बनाया गया है।
स्वरोचिष सोमवंशी को अतिरिक्त जिम्मेदारी
सरकार ने स्वरोचिष सोमवंशी (2012 बैच) को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ राज्य योजना आयोग, भोपाल के सदस्य सचिव और अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
ऋषि गर्ग अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे
स्वरोचिष सोमवंशी के कार्यभार ग्रहण करने के बाद ऋषि गर्ग (2013 बैच) को राज्य योजना आयोग के सदस्य सचिव और अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के संचालक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया जाएगा। ऋषि गर्ग वर्तमान में मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक हैं।
सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा।

















