मुंबई, 28 जुलाई।
रियलिटी शो 'लॉकअप सीजन 2' के हालिया एपिसोड में अभिनेता राम कपूर ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद भावुक अनुभव साझा किया। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि उन्होंने कैंसर से जूझ रहे अपने पिता की अंतिम इच्छा पूरी करने में उनका साथ दिया था। अभिनेता ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे कठिन निर्णय था और इस बारे में उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को भी नहीं बताया था। उनके इस खुलासे के बाद शो में मौजूद कई प्रतियोगी भावुक हो गए।
राम कपूर ने बताया कि उनके पिता को 63 वर्ष की आयु में पैंक्रियाटिक कैंसर का पता चला था। लंबे समय तक चली कीमोथेरेपी के बाद उनकी तबीयत में सुधार हुआ और उन्होंने करीब दस वर्ष तक सामान्य जीवन जिया। बाद में 73 वर्ष की उम्र में कोरोना महामारी के दौरान बीमारी फिर लौट आई। अभिनेता के अनुसार उस समय उनके पिता ने आगे उपचार न कराने का फैसला किया और इस कठिन समय में उनसे सहयोग की इच्छा जताई। राम ने कहा कि उन्होंने अपने पिता की इस इच्छा का सम्मान किया।
उन्होंने बताया कि उनके पिता उस समय आईसीयू में भर्ती थे, लेकिन उनका सक्रिय इलाज नहीं चल रहा था। उनके पिता चाहते थे कि निधन के बाद कोई शोक न मनाए और अंतिम संस्कार के दौरान भी कोई न रोए। राम कपूर ने यह भी कहा कि इस घटना के बाद उनकी मां और बहन ने उनसे दूरी बना ली और पिछले पांच वर्षों से दोनों ने उनसे बातचीत नहीं की है। उनका यह खुलासा अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
उल्लेखनीय है कि 'लॉकअप सीजन 2' की मेजबानी रितेश देशमुख और फराह खान कर रहे हैं।












