Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

मध्य प्रदेश
28 Jul, 2026

गुरु रविदास जयंती पर भाजपा 29 जुलाई से समरसता संकल्प अभियान चलाएगी

दीपोत्सव, कलश यात्रा, समरसता यात्रा और संत संपर्क जैसे कार्यक्रमों के जरिए सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया जाएगा।

भोपाल, 28 जुलाई।

संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 तक प्रदेशभर में 'समरसता संकल्प अभियान' चलाएगी। अभियान के तहत पांच चरणों में सामाजिक समरसता, समानता और सद्भाव को केंद्र में रखकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यह जानकारी भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई को समरसता दीपोत्सव से होगा। इस अवसर पर प्रदेश के 62 संगठनात्मक जिलों, 1,313 मंडलों और करीब 21 हजार स्थानों पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जहां गुरु रविदास मंदिर हैं, वहां विशेष आयोजन होंगे, जबकि अन्य स्थानों पर सार्वजनिक स्थलों पर गुरु रविदास के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा।

वाराणसी से पहुंचेगी पावन मिट्टी की कलश यात्रा

डॉ. सोलंकी ने बताया कि अभियान के दूसरे चरण में सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) स्थित गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली की पावन मिट्टी से भरे कलश मध्य प्रदेश लाए जाएंगे। यह कलश यात्रा वाराणसी से सिंगरौली के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करेगी और सीधी, रीवा, सतना, मैहर, कटनी, दमोह, सागर, विदिशा तथा रायसेन होते हुए भोपाल पहुंचेगी। भोपाल स्थित गुरु रविदास मंदिर में कलश स्थापना के बाद प्रदेश की मिट्टी के साथ इसे मिलाकर 62 संगठनात्मक जिलों के लिए अलग-अलग कलश तैयार किए जाएंगे। इसके बाद रथों के माध्यम से इन्हें जिला, मंडल और ग्राम स्तर तक पहुंचाया जाएगा।

समरसता यात्रा और संत संपर्क अभियान भी होंगे

उन्होंने बताया कि अभियान के तीसरे चरण में गुरु रविदास समरसता यात्रा निकाली जाएगी, जो पंजाब के डेरा सचखंड बल्लां से शुरू होकर राजस्थान और मध्य प्रदेश होते हुए वाराणसी पहुंचेगी। चौथे चरण में संत संपर्क अभियान के तहत प्रदेशभर के संत-महात्माओं, धार्मिक गुरुओं और आध्यात्मिक संस्थाओं से संपर्क किया जाएगा। वहीं पांचवें चरण में छात्रावास संपर्क अभियान के माध्यम से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति छात्रावासों के विद्यार्थियों को गुरु रविदास के जीवन-दर्शन, समानता और सामाजिक समरसता के विचारों से जोड़ा जाएगा।

सामाजिक समरसता को जनआंदोलन बनाने का लक्ष्य

डॉ. सोलंकी ने कहा कि गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के संत थे। उन्होंने जातिगत भेदभाव, सामाजिक विषमता और अन्याय के विरुद्ध समानता, आत्मसम्मान और भाईचारे का संदेश दिया। भाजपा का उद्देश्य उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में प्रदेशभर में अभियान के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों, संत-महात्माओं और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी रहेगी।

|
आज का राशिफल

अपने काम को प्राथमिकता से करें। धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। लाभ होगा और पुराने मित्रों से समागम भी होगा। संतान पक्ष की समस्या समाप्त होगी। स्वभाव में सौम्यता आपकी मदद करेगी। जीवन साथी से संबंधों में मिठास बढ़ेगी। परामर्श व परिस्थिति सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

24° / 28°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़