भोपाल, 28 जुलाई।
अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर बुधवार, 29 जुलाई को राजधानी भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
जनसंपर्क अधिकारी अनुराग उइके ने मंगलवार को बताया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वन्य जीव संरक्षण के लिए प्राप्त वाहनों का लोकार्पण करेंगे और संरक्षण गतिविधियों से जुड़ी प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। इसके अलावा वे विभागीय प्रकाशनों का विमोचन, सक्रिय वन्य जीव प्रबंधन से संबंधित वृत्तचित्रों के टीजर जारी करेंगे तथा राज्य वन्य प्राणी बोर्ड के पद्मश्री सम्मानित सदस्यों का अभिनंदन करेंगे। मुख्यमंत्री वन्य जीव संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली वन सुरक्षा समितियों, ईको विकास समिति, ग्राम वन समिति और वन कर्मियों को सम्मानित भी करेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप सिंह अहिरवार, प्रमुख सचिव वन एवं प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव), अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) सहित वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।


















