नई दिल्ली, 28 जुलाई।
संसद परिसर के बाहर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के सांसदों ने पंजाब में सामने आए कथित पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सांसदों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारे लगाए और राज्य के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे भाजपा सांसदों का कहना था कि राज्य में परीक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित पेपर लीक तथा अन्य अनियमितताओं के कारण बड़ी संख्या में छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उनका आरोप है कि इस पूरे मामले की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए और शिक्षा मंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
विरोध प्रदर्शन के दौरान सांसद हाथों में तख्तियां लेकर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और परीक्षा प्रक्रियाओं को निष्पक्ष बनाने की मांग भी उठाई।












