जबलपुर, 28 जुलाई।
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सोमवार शाम जबलपुर के मानस भवन में आनन्दम् धाम की ओर से गुरु पूर्णिमा महा महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम परमपूज्य सद्गुरु ऋतेश्वर महाराज के दिव्य सान्निध्य में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में संतों, श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
महोत्सव की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। इस दौरान संतों और श्रद्धालुओं ने परमपूज्य सद्गुरु ऋतेश्वर महाराज का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए आध्यात्मिक जीवन में गुरु के मार्गदर्शन को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
समारोह में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि परमपूज्य सद्गुरु ऋतेश्वर महाराज का जबलपुर आगमन पूरी संस्कारधानी के लिए सौभाग्य और पुण्य का विषय है। उनके अनुसार संतों का सान्निध्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का संचार करता है तथा पूज्य ऋतेश्वर महाराज का आगमन विशेष महत्व रखता है।
अपने संबोधन में उन्होंने सद्गुरु ऋतेश्वर महाराज के व्यक्तित्व और कृतित्व का उल्लेख करते हुए कहा कि संतों का आशीर्वाद मनुष्य के पापकर्मों के क्षय का माध्यम बनता है और जीवन में आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है।
कार्यक्रम में महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू', विधायक सुशील तिवारी 'इंदु', डॉ. अभिलाष पांडे, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन, प्रदेश दिव्यांग प्रकोष्ठ अध्यक्ष संदीप रजक, आयोजन समिति के सदस्य तथा अनेक गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।













