भोपाल, 28 जुलाई।
विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से इस बीमारी के प्रति सजग रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हेपेटाइटिस से बचाव के लिए दूषित भोजन और अशुद्ध पानी के सेवन से बचना बेहद जरूरी है।
मंगलवार को जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बीमारी की रोकथाम के लिए शुरुआती चरण में ही पीड़ित का समुचित उपचार कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से शुद्ध भोजन और स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने का आग्रह करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने साथ-साथ दूसरों को भी स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सावधानियां अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
गौरतलब है कि विश्व हेपेटाइटिस दिवस हर वर्ष 28 जुलाई को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य वायरल हेपेटाइटिस यानी लिवर में होने वाली सूजन के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना तथा इसकी रोकथाम, जांच और उपचार को प्रोत्साहित करना है। यह दिवस नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक डॉ. बारूक ब्लमबर्ग की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है, जिन्होंने हेपेटाइटिस बी वायरस की खोज की थी।













