मुंबई, 28 जुलाई।
साल 2006 में रिलीज हुई चर्चित फिल्म 'खोसला का घोसला' का सीक्वल 'खोसला का घोसला 2' अब नई स्टारकास्ट के साथ दर्शकों के सामने आने की तैयारी में है। दिव्या खोसला की इस फिल्म में आधिकारिक एंट्री हो गई है। टी-सीरीज फिल्म्स और तांडव फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म में एक बार फिर खोसला परिवार की हलचल और हास्य से भरपूर कहानी बड़े पर्दे पर दिखाई जाएगी। हाल के वर्षों में 'सावी' और 'एक चतुर नार' में अपने अभिनय से पहचान बना चुकी दिव्या अब इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी का हिस्सा होंगी।
फिल्म के पहले भाग के कई चर्चित कलाकार इस बार भी अपनी पुरानी भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनमें अनुपम खेर, बोमन ईरानी, रणवीर शौरी, प्रवीण डबास, तारा शर्मा और किरण जुनेजा शामिल हैं। वहीं, नई कास्ट में दिव्या खोसला, रवि किशन, निशांत वर्मा, कंगन बरुआ नांगिया और दानिश इकबाल को शामिल किया गया है। निर्माताओं का मानना है कि नए कलाकारों के जुड़ने से कहानी को नया अंदाज और ताजगी मिलेगी।
फिल्म की निर्माता सविता राज हिरेमठ ने कहा कि दिव्या खोसला और रवि किशन ने अपनी-अपनी भूमिकाओं से पूरी टीम को प्रभावित किया है। उनके अनुसार दोनों कलाकार अलग-अलग तरह की फिल्मों में अपनी अभिनय क्षमता साबित कर चुके हैं और उन्हें भरोसा है कि दर्शक भी उनके प्रदर्शन को पसंद करेंगे। उन्होंने नई टीम में शामिल सभी कलाकारों का स्वागत करते हुए कहा कि पूरी यूनिट फिल्म को लेकर उत्साहित है और दर्शकों की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रही है।
निर्माताओं के मुताबिक 'खोसला का घोसला 2' में पहले भाग की तरह परिवार, रिश्तों, हास्य और हलचल का वही रंग देखने को मिलेगा, जिसने पहली फिल्म को लोकप्रिय बनाया था। फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, सविता राज हिरेमठ और राज हिरेमठ कर रहे हैं। हालांकि, इसकी रिलीज तारीख का अभी आधिकारिक एलान नहीं किया गया है।












