अनूपपुर, 28 जुलाई।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 29 जुलाई को पवित्र नगरी अमरकंटक के विभिन्न आश्रमों में शिष्यों और श्रद्धालुओं द्वारा परंपरागत धार्मिक विधि-विधान से गुरु पूजन और पादुका पूजन किया जाएगा। पर्व को लेकर सभी प्रमुख आश्रमों में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कल्याण सेवा आश्रम, मृत्युंजय आश्रम, शांति कुटी आश्रम, मार्कंडेय आश्रम, धारकुंडी आश्रम, बर्फानी आश्रम, गीता स्वाध्याय आश्रम सहित अन्य छोटे-बड़े आश्रमों और देवस्थानों में दिनभर धार्मिक आयोजन होंगे। श्रद्धालुओं के स्वागत और व्यवस्थाओं को लेकर आश्रमों में विशेष तैयारियां की गई हैं।
कल्याण सेवा आश्रम में तपस्वी बाबा कल्याण दास जी महाराज अपने शिष्यों के बीच उपस्थित रहेंगे। दूर-दराज से शिष्य और श्रद्धालु आश्रम पहुंचना शुरू कर चुके हैं। गुरु पूर्णिमा के दिन सुबह पादुका पूजन, गुरु पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। वहीं शांति कुटी आश्रम में 22 जुलाई से चल रही सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का वाचन आचार्य श्रीश्याम जी महाराज कर रहे हैं। गुरु पूर्णिमा पर यहां गुरु पूजन के साथ आश्रम परिसर में भव्य भंडारा भी आयोजित होगा।
मार्कंडेय आश्रम में आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी रामकृष्णानंद जी महाराज के शिष्य और भक्त परंपरानुसार गुरु पूजन एवं पादुका पूजन करेंगे। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी रहेगी।
आषाढ़ मास की पूर्णिमा पर मनाए जाने वाले गुरु पूर्णिमा पर्व के अवसर पर अमरकंटक के विभिन्न आश्रमों और धार्मिक स्थलों पर भक्ति, साधना और अध्यात्म से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।


















