दतिया, 29 जुलाई।
विधानसभा उपचुनाव-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए दतिया पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देश पर दतिया अनुभाग के सभी थाना क्षेत्रों में होटल, ढाबों और धर्मशालाओं की सघन जांच एवं सत्यापन के लिए चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस के मुताबिक गठित विशेष टीमें विभिन्न प्रतिष्ठानों में ठहरे लोगों के पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करेंगी। जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
बाहरी व्यक्तियों का भी होगा सत्यापन
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले में बिना वैध कारण ठहरे बाहरी व्यक्तियों का भी सत्यापन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे लोगों को मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक जिला सीमा से बाहर करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से मांगा सहयोग
दतिया पुलिस ने होटल, ढाबा और धर्मशाला संचालकों के साथ आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का वैध पहचान पत्र अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि विधानसभा उपचुनाव-2026 शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सके।


















