नई दिल्ली, 29 जुलाई।
देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित और बाधारहित यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा एनएचएआई ने अतिक्रमण हटाने का व्यापक अभियान शुरू किया है। उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप चलाए जा रहे इस अभियान में अवैध निर्माण, अनधिकृत वाणिज्यिक गतिविधियों और गैरकानूनी पहुंच मार्गों को हटाने पर जोर दिया जा रहा है।
मंत्रालय के अनुसार, एनएचएआई की राजकोट पीआईयू ने हाल ही में बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए 693 किलोमीटर लंबे राजमार्ग क्षेत्र का सर्वेक्षण किया। इस दौरान अवैध ढांचों, बिना अनुमति वाणिज्यिक पहुंच और अनधिकृत मीडियन कट से जुड़े मामलों में कुल 1,403 नोटिस जारी किए गए।
कार्रवाई के क्रम में 361 अवैध पहुंच मार्ग और अतिक्रमण हटाए गए, वहीं 150 अनधिकृत मीडियन गैप को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया। यह अभियान जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के समन्वय से संचालित किया गया।
इसी कड़ी में सोमनाथ–द्वारका राजमार्ग पर भी विशेष अभियान चलाकर बारडिया से लेकर ‘ऑनेस्ट होटल से हाथी चौक’ तक के हिस्से से बड़ी संख्या में अतिक्रमण हटाए गए। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह केवल प्रवर्तन अभियान नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की पहल है, जिससे दृश्यता बेहतर होती है, यातायात सुचारु रहता है, आपातकालीन सेवाओं को पर्याप्त स्थान मिलता है और दुर्घटनाओं की आशंका कम होती है।













