करूर, 29 जुलाई।
तमिलनाडु में द्रमुक विधायक और पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी से जुड़े छह ठिकानों पर बुधवार को राज्य के भ्रष्टाचार निरोधक एवं सतर्कता निदेशालय (डीवीएसी) ने एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई करूर स्थित उनके आवास, तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन (टास्मैक) के जिला प्रबंधक कार्यालय और उनसे जुड़े अन्य परिसरों में की गई। कई घंटे तक चली इस कार्रवाई से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल रही।
डीवीएसी की टीम ने सुबह करूर के रामेश्वरपट्टी स्थित सेंथिल बालाजी के घर पर तलाशी शुरू की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई टास्मैक से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामलों की जांच के सिलसिले में की जा रही है।
सेंथिल बालाजी के आवास के अलावा नेरूर के पास कोयंबल्ली में द्रमुक करूर पूर्वी इकाई के सचिव भास्करन के घर, मूर्तिपालयम में उनके सहयोगी सुब्रमणि के निवास और करूर शक्ति मेस के संचालक व उनके करीबी सहयोगी कार्ति के कोधई नगर स्थित अपार्टमेंट में भी एक साथ तलाशी ली गई। इसी दौरान करूर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित टास्मैक के जिला प्रबंधक कार्यालय में सुबह करीब आठ बजे से दस्तावेजों और अभिलेखों की जांच जारी रही।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, करूर के साथ ईरोड स्थित टास्मैक के गोदाम में भी डीवीएसी की टीम ने छापेमारी की। हालांकि विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी पूरी होने और जब्त दस्तावेजों की जांच के बाद ही कार्रवाई से जुड़े तथ्यों की जानकारी दी जाएगी।
इस बीच, सेंथिल बालाजी एक अन्य मामले में भी जांच एजेंसियों के दायरे में हैं। कृष्णागिरि जिले के ऊथंगरई विधानसभा क्षेत्र से तमिलगा वेत्रि कड़गम (टीवीके) के विधायक इलैयाराजा ने चेन्नई पुलिस आयुक्त को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ लाए गए प्रस्ताव के समर्थन में मतदान के लिए उन्हें 35 करोड़ रुपये की पेशकश की गई थी।
इस शिकायत के आधार पर चेन्नई के तिरुवल्लिक्केणी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद कई लोगों की गिरफ्तारी हुई और जांच के दौरान पुलिस ने डीवीएसी कार्रवाई से पहले सेंथिल बालाजी तथा उनके भाई अशोक कुमार को पूछताछ के लिए समन जारी किया था। हालांकि दोनों ने अदालत से सशर्त अग्रिम जमानत हासिल कर ली थी।













