ग्लासगो, 29 जुलाई।
भारतीय धावक गुलवीर सिंह ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में इतिहास रचते हुए रजत पदक अपने नाम कर लिया है और वह इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले देश के पहले पुरुष एथलीट बन गए हैं। उन्होंने 10,000 मीटर दौड़ को 27 मिनट 49.78 सेकंड में पूरा कर यह शानदार उपलब्धि हासिल की है।
राष्ट्रर्मंडल खेलों की इस लंबी दौड़ प्रतियोगिता में भारत का यह पहला पदक है। पुरुष और महिला दोनों श्रेणियों को शामिल किया जाए तो इस स्पर्धा में देश को पूरे 16 साल के अंतराल के बाद सफलता मिली है। इससे पहले वर्ष 2010 के दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में कविता राऊत ने महिला 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक अपने नाम किया था।
मुकाबले की शुरुआत में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाले गुलवीर प्रमुख धावकों के साथ कदमताल करते नजर आए। हालांकि चार हजार मीटर की दूरी तक वह तीसरे पायदान पर थे, पर आधी रेस पूरी होने तक छठे स्थान पर फिसल गए। इसके बाद उन्होंने बेहतरीन वापसी की और छह हजार तथा सात हजार मीटर के पड़ाव पर पांचवां स्थान पुनः प्राप्त कर लिया। आठ हजार मीटर पर वह एक बार फिर छठे स्थान पर आ गए, लेकिन अंतिम एक किलोमीटर शेष रहने पर वह चौथे स्थान पर पहुंच गए।
अन्त के क्षणों में गुलवीर सिंह ने अद्भुत गति का प्रदर्शन किया। उन्होंने आखिरी एक किलोमीटर की दूरी सिर्फ 2 मिनट 29.2 सेकंड में तय करते हुए अपने प्रतिस्पर्धियों को पीछे छोड़ दिया और रजत पदक पर अपना अधिकार जमा लिया।
ऑस्ट्रेलियाई धावक काइ रॉबिन्सन ने 27 मिनट 48.93 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, तथा आइल ऑफ मैन के डेविड मुलार्की ने 27 मिनट 50.28 सेकंड में यह दूरी पूरी कर कांस्य पदक प्राप्त किया। पहले और दूसरे स्थान के बीच मात्र 0.85 सेकंड और दूसरे तथा तीसरे स्थान के बीच केवल 0.50 सेकंड का फासला रहा।
गुलवीर सिंह का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन भारतीय लंबी दूरी की दौड़ के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है, जिन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों की 10,000 मीटर स्पर्धा में भारत के 16 वर्षों के लंबे सूखे को समाप्त कर दिया है।















