भोपाल, 29 जुलाई।
मध्य प्रदेश की राजधानी में अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के मौके पर आज कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में एक भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कर रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा वन्यजीव संरक्षण के वास्ते नए वाहनों का लोकार्पण किया जाएगा तथा वन्यजीव संरक्षण पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का मुआयना किया जाएगा। इसके अलावा विभागीय पत्र-पत्रिकाओं का विमोचन, सक्रिय वन्यजीव प्रबंधन के वृत्तचित्रों का टीजर जारी करने के साथ ही राज्य वन्य प्राणी बोर्ड के पद्मश्री सम्मानित सदस्यों का सम्मान भी होगा। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली वन सुरक्षा समितियों, ईको विकास समितियों, ग्राम वन समितियों और वन कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।
जनसंपर्क अधिकारी केके जोशी के अनुसार इस गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान स्कूली तथा महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस दौरान वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप सिंह अहिरवार समेत वन विभाग के तमाम उच्च अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे।













