काठमांडू, 29 जुलाई।
नेपाल में हालिया घटनाओं के बाद बने हालात को देखते हुए सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी सहित नौ राजनीतिक दलों ने सर्वदलीय बैठक के उपरांत राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को बनाए रखने के लिए साझा प्रतिबद्धता जताई। यह बैठक सिंहदरबार में आरएसपी अध्यक्ष रवि लामिछाने की पहल पर आयोजित की गई।
बैठक में नेपाली कांग्रेस, यूएमएल, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी समेत अन्य दलों के प्रतिनिधियों ने सुनसरी और अन्य जिलों में हुई संवेदनशील घटनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। इसके बाद जारी संयुक्त वक्तव्य में मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। साथ ही घायल नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की गई।
सभी दलों ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की अपील की। वक्तव्य में कहा गया कि नेपाल की पहचान विभिन्न समुदायों के बीच आपसी विश्वास, सहिष्णुता और सह-अस्तित्व से जुड़ी रही है। लोगों से किसी भी ऐसे उकसावे या गतिविधि से दूर रहने का आग्रह किया गया, जिससे वर्षों पुराने सामाजिक संबंध प्रभावित हो सकते हैं।
संयुक्त बयान में कहा गया कि किसी भी प्रकार के मतभेद या असंतोष का समाधान केवल शांतिपूर्ण संवाद और आपसी सहमति के लोकतांत्रिक मार्ग से ही संभव है। सभी संबंधित पक्षों से अपनी मांगों और शिकायतों को शांतिपूर्ण तरीके से रखने का आग्रह किया गया। राजनीतिक दलों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए समन्वय बनाए रखने और सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी दोहराया।
दलोंने अपनी प्रांतीय, जिला और स्थानीय इकाइयों से भी सर्वदलीय तथा हितधारकों की बैठकें आयोजित कर संवाद को और मजबूत करने का आह्वान किया। इसके साथ ही धार्मिक नेताओं, नागरिक समाज और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया गया। बयान में सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग और मीडिया संस्थानों से तथ्यपरक एवं संतुलित जानकारी प्रसारित करने की अपील करते हुए भ्रामक सूचनाओं, नफरत फैलाने वाले भाषणों और अफवाहों से सतर्क रहने को कहा गया।
राजनीतिक दलों ने नेपाल सरकार से नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अधिकतम संयम बरतने, निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा पीड़ितों को उचित राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने का आग्रह किया। साथ ही राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाए रखने के लिए सरकार के साथ हरसंभव सहयोग देने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।













