कीव, 30 जुलाई।
यूक्रेन पर रूस के ताजा मिसाइल हमलों में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई है। हमले की चपेट में राजधानी कीव समेत पश्चिमी शहर ल्वीव भी आए, जिसके बाद पोलैंड ने अपनी हवाई सुरक्षा बढ़ा दी।
हमलों के दौरान यूक्रेन के कई हिस्सों में हवाई हमले के अलर्ट जारी किए गए। कीव में धमाकों की आवाज सुनाई दी और कुछ गैर-आवासीय इमारतों में आग लगने की जानकारी सामने आई।
राजधानी कीव में एक व्यक्ति की मौत हुई और दो लोग घायल हुए। आपातकालीन सेवाएं प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के गृह शहर क्रिवी रिह में रूसी बैलिस्टिक मिसाइल हमले में छह लोगों की मौत हुई। मृतकों में 5 और 12 साल की दो बच्चियां भी शामिल हैं।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, मिसाइल हमले में एक बड़े परिवार का घर प्रभावित हुआ। मलबा हटाने का काम जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई है।
पोलैंड के पास स्थित ल्वीव में भी रूसी मिसाइलों से दो अपार्टमेंट इमारतों को नुकसान पहुंचा। अधिकारियों के अनुसार, यहां 15 लोग घायल हुए हैं और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं।
जेलेंस्की ने इससे पहले बड़े रूसी हमले की आशंका जताई थी। उन्होंने सहयोगी देशों से एंटी-मिसाइल सुरक्षा उपलब्ध कराने की अपील की थी।
रूस के हमलों के बीच पोलैंड ने अपनी सीमा की सुरक्षा के लिए लड़ाकू विमान तैनात किए। पोलैंड की सेना ने बताया कि हवाई निगरानी और रक्षा प्रणालियों को सतर्क कर दिया गया है।
इस बीच, रूस की प्रमुख ऑनलाइन कंपनी के गोदाम पर यूक्रेन के ड्रोन हमले के बाद आग लग गई। घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ और करीब 200 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
कंपनी ने बताया कि हमले के बाद उसकी आपूर्ति व्यवस्था में बदलाव किया गया है। लगातार हो रहे हमलों से ऑनलाइन कारोबार से जुड़े लोगों को नुकसान पहुंचने की बात कही गई है।
















