इंफाल, 30 जुलाई।
मणिपुर में पुलिस और सुरक्षा बलों ने अवैध हथियार तस्करी, एनडीपीएस मामले और प्रतिबंधित संगठन से जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग अभियानों में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इंफाल पूर्व जिले के एंड्रो थाना क्षेत्र स्थित शांता बाजार से दो महिलाओं रुहिदा बेगम (46) और रोहाना बेगम (18) को पकड़ा गया है। दोनों पर अवैध हथियार और विस्फोटकों की खरीद, परिवहन और बिक्री में शामिल होने का आरोप है।
कार्रवाई के दौरान उनके पास से एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों इसे कथित तौर पर एक खरीदार को बेचने के लिए लाई थीं।
एक अन्य अभियान में सेनापति थाने में दर्ज एनडीपीएस मामले के आरोपित आदित्य ढकाल (25) को कांगपोकपी जिले के मोतबुंग के पास चरहजारे क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। वह कांगपोकपी जिले के पानीखेती इरांग पार्ट-द्वितीय का निवासी है।
इसके अलावा सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन केसीपी (नोंगद्रेनखोम्बा) की सक्रिय महिला कैडर लुवांगथेम रोनिता देवी उर्फ टोरो (24) को भी गिरफ्तार किया है।
उसे इंफाल पूर्व जिले के पोरोम्पत थाना क्षेत्र के खुराई हेइख्रुमाखोंग इलाके से पकड़ा गया। पुलिस सभी मामलों में आगे की जांच कर रही है।

















