बीजिंग, 31 जुलाई।
चीन, तिब्बत और नेपाल के हिस्सों में शुक्रवार तड़के कुछ घंटों के अंतराल में कई भूकंप महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, इनमें सबसे तेज झटका चीन में दर्ज किया गया, जिसकी तीव्रता 4.5 रही।
केंद्र के मुताबिक चीन में आए भूकंप की तीव्रता 4.5 मापी गई और इसका केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई में था।
इससे पहले रात 12:50 बजे तिब्बत में 4.2 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके बाद रात 1:18 बजे नेपाल में 3.4 तीव्रता के झटके महसूस किए गए। इससे पहले रात 11:25 बजे तिब्बत में 4.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।
ये सभी भूकंपीय गतिविधियां हिमालयी क्षेत्र और पश्चिमी चीन के इलाकों में दर्ज की गईं। इन भूकंपों की गहराई 10 किलोमीटर से लेकर 130 किलोमीटर तक रही।
फिलहाल इन झटकों के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन की ओर से किसी आपात चेतावनी या सुनामी अलर्ट भी जारी नहीं किया गया है।
हिमालय क्षेत्र दुनिया के सबसे अधिक भूकंपीय सक्रिय क्षेत्रों में शामिल है। इसका कारण भारतीय और यूरेशियाई टेक्टोनिक प्लेटों के बीच लगातार हो रही हलचल को माना जाता है।

















