वाराणसी, 31 जुलाई।
वाराणसी की प्रतिभावान कराटे खिलाड़ी गौरी पाठक ने अपनी खेल प्रतिभा के दम पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है, जिससे पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। हाल ही में संपन्न हुई अखिल भारतीय पुलिस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अपने नाम करने वाली गौरी का चयन अब ऑस्ट्रेलिया में होने वाले अंतरराष्ट्रीय वर्ल्ड पुलिस गेम्स के लिए कर लिया गया है।
सीआरपीएफ में अपनी सेवाएं दे रही इस होनहार खिलाड़ी ने महज आठ वर्ष की छोटी उम्र से ही मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण लेना शुरू कर दिया था। श्रीलंका में आयोजित पिछली साउथ एशियन प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर देश का मान बढ़ाने वाली गौरी ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए यह मुकाम हासिल किया है, जिस पर जिला संघ के पदाधिकारियों ने भी गर्व जताया है।









