नई दिल्ली, 31 जुलाई।
महान क्रांतिकारी और शहीद सरदार उधम सिंह के बलिदान दिवस पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने उनके साहस, देशभक्ति और बलिदान को याद किया।
मल्लिकार्जुन खरगे ने सरदार उधम सिंह को नमन करते हुए कहा कि वे अदम्य साहस और राष्ट्रप्रेम के प्रतीक थे। उन्होंने उनके त्याग और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरदार उधम सिंह असीम देशभक्ति और अद्भुत साहस की मिसाल थे। उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग नरसंहार का प्रतिशोध लेकर उधम सिंह ने देशवासियों का सिर गर्व से ऊंचा किया।
उन्होंने कहा कि मातृभूमि के प्रति उधम सिंह का प्रेम और उनका अटूट संकल्प आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रसेवा की प्रेरणा बना रहेगा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी सरदार उधम सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने जलियांवाला बाग घटना का बदला लेकर भारत के स्वाभिमान, साहस और न्याय की भावना को दुनिया के सामने रखा। उनका बलिदान और पराक्रम हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
बताया जाता है कि 13 मार्च 1940 को लंदन के कैक्सटन हॉल में सरदार उधम सिंह ने पंजाब के तत्कालीन लेफ्टिनेंट गवर्नर माइकल ओ'ड्वायर की गोली मारकर हत्या की थी। ओ'ड्वायर को वर्ष 1919 के जलियांवाला बाग नरसंहार के लिए जिम्मेदार माना जाता था।
इस घटना के बाद उधम सिंह को गिरफ्तार किया गया और 31 जुलाई 1940 को लंदन की पेंटनविल जेल में उन्हें फांसी दी गई।














