बस्ती, 31 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में करोड़ों की लागत से तैयार हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अत्याधुनिक भवन के हैंडओवर के कुछ ही महीनों बाद दीवारों में दरारें आने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। इस मामले को लेकर भाजपा नेता द्वारा मुख्यमंत्री और जिला अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं, जिस पर संबंधित विभाग के अधिकारियों की तरफ से मरम्मत कराने का रटा-रटाया जवाब दिया गया है।
लगभग तेईस करोड़ की भारी-भरकम लागत से बने इस कार्यालय परिसर की सड़कें भी कई जगहों से टूट चुकी हैं, जिससे जनता के पैसों की बर्बादी को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि अभियंता इस पूरे मामले में आई दरारों को मामूली मानकर लीपापोती करने में जुटे हुए हैं, लेकिन इस तरह की लापरवाही से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर एक गहरा धब्बा जरूर लग गया है।
















