गाजा सिटी, 31 जुलाई।
हमास की ओर से हथियार छोड़ने की सहमति के बावजूद गाजा पट्टी और वेस्ट बैंक में तनाव बना हुआ है। गाजा में इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) के ताजा हमले में तीन फिलिस्तीनी नागरिकों की मौत हो गई है, जिनमें दो बच्चे शामिल हैं।
फिलिस्तीनी रेड क्रिसेंट के अनुसार, वेस्ट बैंक में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। संगठन का दावा है कि इजराइली सेना के संरक्षण में कुछ समूह गांवों में पहुंचकर कार्रवाई कर रहे हैं और विरोध कर रहे लोगों पर आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं।
गाजा में रातभर हुए हमलों में मिसाइल और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। दक्षिणी गाजा में हुए हमलों में तीन लोगों की मौत हुई और कई अन्य घायल हुए। गाजा सिटी और खान यूनिस में भी आम नागरिकों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
गाजा अधिकारियों के अनुसार, 11 अक्टूबर 2025 से जारी इजराइली हमलों में अब तक 1,209 फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि कई इलाकों में लगातार संघर्ष के कारण राहत और बचाव कार्य भी प्रभावित हुए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, मध्य गाजा शहर में अल-बुरेज नगर पालिका के सामने एक आवासीय अपार्टमेंट पर हुए हमले में जैद मोहम्मद नौफल की मौत हुई। वहीं पश्चिमी खान यूनिस में एक टेंट पर बमबारी में 20 वर्षीय अब्दुल्ला नासेर अल-बलावी और आठ वर्षीय रतील महमूद अब्दुल्ला की जान गई।
इसके अलावा इजराइली लड़ाकू विमानों ने गाजा सिटी के पश्चिम में अलशाती शरणार्थी शिविर और अल-अहली बैपटिस्ट अस्पताल के सामने स्थित एक इमारत को भी निशाना बनाया। हमले के बाद वहां आग लग गई।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, इजराइली हमलों में गाजा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 73,335 हो गई है और 174,052 लोग घायल हुए हैं। उनका कहना है कि युद्धविराम लागू होने के बाद भी 1,209 फिलिस्तीनियों की मौत हुई और 3,943 लोग घायल हुए।
बचाव दलों ने उन क्षेत्रों से 803 शव बरामद किए हैं, जहां पहले संघर्ष के कारण पहुंचना मुश्किल था। मानवीय संगठनों का दावा है कि गाजा पट्टी का करीब 90 प्रतिशत बुनियादी ढांचा प्रभावित हो चुका है और लगभग 20 लाख फिलिस्तीनी विस्थापित हुए हैं।
इस बीच वेस्ट बैंक में भी तनाव बढ़ गया है। रिपोर्ट के अनुसार, नाब्लस के आसपास के इलाकों में कुछ समूहों ने फिलिस्तीनी परिवारों के घरों को निशाना बनाया। अल-जुनेद गांव में इजराइली सेना की कार्रवाई के दौरान आंसू गैस के गोले छोड़े गए, जिसकी चपेट में चार बच्चे भी आए।
इजराइली सैनिकों ने टेल गांव में छापेमारी की। वहीं नाब्लस के दक्षिण में स्थित बुरिन गांव में हथियारबंद समूहों द्वारा जैतून के पेड़ों में आग लगाने की जानकारी दी गई है।
गाजा पट्टी और वेस्ट बैंक दोनों फिलिस्तीनी क्षेत्र हैं, लेकिन दोनों की भौगोलिक स्थिति अलग है। गाजा भूमध्य सागर के किनारे स्थित छोटा और घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जिसकी सीमाएं मिस्र और इजराइल से लगती हैं।
वेस्ट बैंक जॉर्डन नदी के पश्चिमी हिस्से में स्थित बड़ा क्षेत्र है, जिसकी सीमा जॉर्डन, मृत सागर और इजराइल से लगती है। गाजा पर वर्ष 2007 से हमास का नियंत्रण रहा है, वहीं वेस्ट बैंक में फिलिस्तीनी प्राधिकरण का शासन है और वहां इजराइली बस्तियां भी मौजूद हैं।
















