धनुषा, 31 जुलाई।
नेपाल में जारी सांप्रदायिक हिंसा के बीच धनुषा जिले में मंदिर परिसर में सो रहे एक व्यक्ति की हत्या के बाद तनाव और बढ़ गया है। पुलिस ने घटना में शामिल किसी भी आरोपी को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने का भरोसा दिया है।
धनुषा जिले के सबैला नगरपालिका स्थित नहरचोक मंदिर परिसर में एक व्यक्ति का शव मिला। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी।
घटना के बाद इलाके में यह अफवाह फैल गई कि मंदिर के पुजारी की हत्या कर दी गई है। इसके चलते पूरे शहर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
बाद में जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि मृतक पुजारी नहीं था। मृतक की पहचान करीब 40 वर्षीय बन्ठु राउत कडेरी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मृतक इधर-उधर घूमने वाला व्यक्ति था, जो बाहर मजदूरी या अन्य काम करने के बाद मंदिर परिसर में आकर सोता था। मामले की जांच के लिए विशेष टीम को मौके पर लगाया गया है।
घटनास्थल पर प्रशिक्षित खोजी कुत्तों की मदद से जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन पड़ताल जारी है।
प्रारंभिक जांच में यह घटना आपराधिक तत्वों की करतूत नजर आ रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इसे किसी भी तरह के धार्मिक विवाद से न जोड़ें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।









