मुंबई, 31 जुलाई।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में चार मंजिला इमारत गिरने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज इंदिरा गांधी मेमोरियल अस्पताल में चल रहा है। मृतकों में उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के एक ही परिवार के चार सदस्य भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि हादसे की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी और लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
ठाणे जिला प्रशासन के अनुसार, भिवंडी के बालाजी नगर-गंगारामवाड़ी क्षेत्र में स्थित कोहिनूर अपार्टमेंट देर रात अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के बाद एनडीआरएफ, टीडीआरएफ और स्थानीय फायर ब्रिगेड की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
प्रशासन के अनुसार, अब तक मलबे से 14 लोगों को बाहर निकाला गया है, जिनमें से 10 की मौत हो चुकी है और चार घायल हैं। मृतकों में शमीम शेख, रंजीत सिंह, सिराज रसूल शेख, संतोष कुमार पांडे, शमीम अंसारी, अशोक कुमार पासवान, राकेश कुमार पासवान, मुकेश कुमार पासवान, किश कुमार पासवान और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं।
बताया गया कि अशोक कुमार पासवान और राकेश कुमार पासवान सगे भाई थे, जबकि मुकेश कुमार पासवान और किश कुमार पासवान भी उसी परिवार से जुड़े थे। परिजनों ने शवों को उत्तर प्रदेश ले जाने में आर्थिक कठिनाई की बात कही है।
महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इमारत को पहले ही खतरनाक घोषित किया जा चुका था और इसे खाली कराया गया था। इसके बावजूद भूतल पर कथित रूप से मरम्मत कार्य चल रहा था, जिसके कारण हादसे की आशंका जताई जा रही है।
मंत्री ने कहा कि अवैध या लापरवाहीपूर्ण मरम्मत कार्य की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश जारी है।

















