फतेहाबाद, 1 अगस्त।
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा है कि पर्यावरण की सुरक्षा और आने वाली नस्लों के महफूज भविष्य के खातिर वृक्षारोपण आज के वक्त की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है। उन्होंने अपील की है कि हर व्यक्ति को अपनी जिंदगी में ज्यादा से ज्यादा पौधे रोपकर उनके संवर्द्धन का बीड़ा उठाना चाहिए। वह शनिवार को अपने पैतृक गांव डांगरा के कम्युनिटी सेंटर में एक पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने लोगों के साथ मिलकर पौधे लगाए और गांव में चल रहे अभियान की सराहना की।
सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देश भर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान बड़े पैमाने पर चलाया जा रहा है, जो प्रकृति के प्रति सम्मान जताने का माध्यम है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भी प्रदेशभर में पर्यावरण बचाने के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं।
बदलते मौसम और जलवायु परिवर्तन के बुरे असर आज साफ देखे जा सकते हैं, जिनसे निपटने का सबसे कारगर तरीका अधिक से अधिक पेड़ लगाना ही है। गांव डांगरा में सरपंच और अन्य लोगों के सहयोग से स्टेडियम, तालाबों तथा श्मशान घाट के पास सैकड़ों पौधे रोपे जा रहे हैं, जो एक सराहनीय कदम है।





















