भोगपुरम, 1 अगस्त।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के रनवे पर उतरने के बाद उन्होंने यात्री टर्मिनल भवन का लोकार्पण किया।
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू के साथ टर्मिनल परिसर का निरीक्षण किया।
हवाई अड्डे के टर्मिनल को आंध्र प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और कला की झलक प्रस्तुत करने वाले स्वरूप में सजाया गया था। इस दौरान प्रधानमंत्री ने प्रवेश द्वार पर प्रदर्शित विशाल एटीकोप्पाका कलाकृति का भी ध्यानपूर्वक अवलोकन किया।
हवाई अड्डे से जनसभा स्थल के लिए विशेष वाहन से रवाना होते समय प्रधानमंत्री का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। इस अवसर पर आदिवासी महिलाओं ने 'धिमसा' नृत्य प्रस्तुत किया। अधिकारियों के अनुसार, 13,500 आदिवासी महिलाओं द्वारा किए गए इस सामूहिक नृत्य ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। प्रधानमंत्री भी इस प्रस्तुति से प्रभावित नजर आए और उन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए तालियां बजाईं।




















