चूरू, 03 अगस्त।
राजस्थान के चूरू जिले में सुजानगढ़ थाना क्षेत्र की बोबासर पुलिया पर सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 13 श्रद्धालु घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब सालासर बालाजी के दर्शन कर पुष्कर जा रही टेम्पो ट्रैवलर की सामने से आ रहे ट्रेलर से जोरदार भिड़ंत हो गई।
पुलिस के अनुसार, पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के एक ही परिवार के 17 सदस्य किराये की टेम्पो ट्रैवलर से राजस्थान के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा पर आए थे। सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन के बाद सभी पुष्कर के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान सुजानगढ़ के पास बोबासर पुलिया पर सामने से आ रहे ट्रेलर से वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टेम्पो ट्रैवलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस तथा स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद वाहन में फंसे घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। सभी 13 घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से राजकीय बगड़िया अस्पताल, सुजानगढ़ पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाली तीनों महिलाएं कोलकाता के एक ही परिवार की सदस्य थीं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद सामान्य कर दिया गया।
















