इंफाल, 03 अगस्त।
मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चलाए गए अभियानों में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े चार सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान हथियार, गोला-बारूद और 13.230 किलोग्राम अफीम भी बरामद की गई है। सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।
सुरक्षा बलों ने सोमवार को इंफाल पूर्व जिले के इरिलबुंग थाना क्षेत्र के खोंगमान जोन-5 ईस्ट से केसीपी (अपुनबा) से जुड़े सक्रिय कैडर जॉयसन खंगेम्बाम उर्फ लोयुम्बा उर्फ टोंडोनबा (28) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उस पर कथित तौर पर रंगदारी वसूलने के आरोप हैं।
रविवार को इंफाल पूर्व जिले के लामलाई थाना क्षेत्र के नोंगाडा थोंगखोंग में अभियान चलाकर केसीपी (एमएफएल) के सक्रिय कैडर लौरेम्बाम रॉबिन्सन सिंह उर्फ बेनिन (44) को पकड़ा गया। उसके कब्जे से दो .32 पिस्तौल, दो मैगजीन और .32 बोर के नौ जीवित कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक वह हथियार और गोला-बारूद के अवैध कब्जे, छिपाने और परिवहन में शामिल था।
इसी दौरान चुराचांदपुर जिले के सांगाइकोट उपमंडल स्थित टी. खुआंगखाई गांव में छापेमारी कर सेइखोगिन माटे (43) को गिरफ्तार किया गया। उसके घर से लगभग 13.230 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।
इससे पहले मणिपुर पुलिस ने बिष्णुपुर जिले के कुम्बी थाना क्षेत्र के वांगू अहल्लुप सनासम लेइकाई निवासी आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय कैडर नगंगबाम नानाओ सिंह (41) को भी उसके घर से गिरफ्तार किया था। पुलिस सभी मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई और जांच कर रही है।
















