भुवनेश्वर, 04 अगस्त।
ओडिशा में बाढ़ की स्थिति में लगातार सुधार दर्ज किया जा रहा है। महानदी और अन्य प्रमुख नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे घट रहा है। इसके बावजूद सबसे अधिक प्रभावित गांवों में हजारों लोग अब भी जलभराव और बुनियादी सुविधाओं में आई बाधाओं का सामना कर रहे हैं।
भारतीय मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए राज्य में फिर से बारिश की चेतावनी जारी की है। सोमवार रात से महानदी का जलस्तर कम होने के बाद जगतसिंहपुर जिले के कई गांवों को आंशिक राहत मिली है। हालांकि निचले इलाकों से पानी पूरी तरह नहीं निकलने के कारण अनेक परिवार अभी भी विस्थापित हैं।
भद्रक जिले के कई गांवों में लोग पिछले आठ दिनों से जलभराव के बीच जीवन बिता रहे हैं। रसोई गैस और जलावन उपलब्ध नहीं होने के कारण स्थानीय लोग अस्थायी चूल्हों पर भोजन तैयार करने को मजबूर हैं।
उधर, हीराकुंड बांध में पानी की आवक कम होने के बाद प्रबंधन 13 स्लूइस गेटों के माध्यम से नियंत्रित तरीके से पानी छोड़ रहा है, जिससे जलाशय पर दबाव कम हो रहा है। मौसम विभाग ने सात जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। साथ ही अगले दो दिनों में राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, मयूरभंज में सबसे अधिक वर्षा होने की आशंका है।














