कीव, 05 अगस्त।
रूस ने मंगलवार रात यूक्रेन की राजधानी कीव और उसके आसपास के इलाकों पर बड़े पैमाने पर हमला किया। इस हमले में 17 लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक नागरिक घायल हुए। यूक्रेन की वायु सेना के अनुसार, रातभर में रूस ने 24 बैलिस्टिक मिसाइलें और चार एंटी-शिप मिसाइलें दागीं।
यूक्रेनी वायु सेना ने जारी बयान में पहली बार किसी भी मिसाइल को रोकने का उल्लेख नहीं किया। सैन्य सूत्रों के मुताबिक, सेना के पास मिसाइल इंटरसेप्टर का भंडार काफी कम हो गया है।
रिपोर्ट के अनुसार जुलाई महीने में रूस के हमलों में कम से कम 377 नागरिकों की जान गई और 2,129 लोग घायल हुए। अप्रैल 2022 के बाद पहली बार किसी एक महीने में इतनी अधिक जनहानि दर्ज की गई। बताया गया कि हालिया हमला रूस की ई-कॉमर्स कंपनी वाइल्डबेरीज के गोदामों पर यूक्रेन की ओर से किए गए हमले के जवाब के रूप में देखा जा रहा है।
रूसी हमलों में राजधानी और उसके आसपास के वेयरहाउस तथा लॉजिस्टिक्स केंद्रों को निशाना बनाया गया। कई औद्योगिक इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि इस हमले का मुख्य लक्ष्य आम नागरिकों के कारोबार से जुड़े वेयरहाउस थे। उनके अनुसार बीयर फैक्टरी, हार्डवेयर स्टोर के गोदाम, एक रेलवे स्टेशन और अन्य बुनियादी ढांचे भी हमले की चपेट में आए।
यूक्रेन की आपात सेवा ने बताया कि बचाव दल लगातार जोखिम भरे हालात में राहत कार्य कर रहे हैं और रूस की ओर से नए हमलों की आशंका बनी हुई है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस अभियान में जमीन से दागे जाने वाले सटीक निर्देशित हथियारों और लंबी दूरी तक मार करने वाले स्ट्राइक ड्रोन का इस्तेमाल किया गया।
जेलेंस्की ने एक बार फिर सहयोगी देशों से आवश्यक सैन्य सहायता उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश को पैट्रियट मिसाइल प्रणाली के लिए अमेरिका निर्मित इंटरसेप्टर की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जो उन्नत बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने में सक्षम मानी जाती है।














