मुंबई, 07 अगस्त।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय, मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े और शहर के कई प्रमुख प्रतिष्ठानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। धमकी भरा ई-मेल मिलने के तुरंत बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और फायर ब्रिगेड की टीमों ने बताए गए सभी स्थानों पर व्यापक जांच अभियान चलाया। हालांकि तलाशी के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पूरे मामले की जांच साइबर पुलिस कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह ई-मेल शुक्रवार सुबह करीब 9.21 बजे महापौर की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजा गया। संदेश में महापौर की सरकारी गाड़ी और कार्यालय के केबिन के अलावा मुंबई मेट्रो, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज, मुख्यमंत्री कार्यालय, बृहन्मुंबई नगर निगम मुख्यालय और अन्य कई कार्यालयों का उल्लेख करते हुए 15 अगस्त से पहले हमले की धमकी दी गई थी।
ई-मेल में खालिस्तान समर्थक नारे और कुछ व्यक्तियों के नाम भी लिखे गए थे। साथ ही अभिभावकों से बच्चों को स्कूल नहीं भेजने और लोगों को मेट्रो से यात्रा नहीं करने की चेतावनी भी दी गई थी। संदेश भेजने वाले ने दावा किया कि भारतीय अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से अलग-अलग स्थानों पर निर्धारित समय पर आईईडी विस्फोट किए जाएंगे।
धमकी देने वाले ने दावा किया कि महापौर कार्यालय और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में दोपहर 1.11 बजे, मुख्यमंत्री कार्यालय में 2.11 बजे तथा कई बीएमसी कार्यालयों में 3.11 बजे विस्फोट किए जाएंगे। पिछले कुछ महीनों में महापौर कार्यालय को इस प्रकार का यह तीसरा धमकी भरा ई-मेल बताया गया है।
धमकी का संदेश मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। पुलिस, फायर ब्रिगेड तथा बम निरोधक दस्ता की टीमों ने बीएमसी मुख्यालय समेत सभी संवेदनशील स्थानों की गहन तलाशी ली। एहतियात के तौर पर कुछ इमारतों को खाली भी कराया गया, लेकिन जांच के दौरान किसी भी स्थान से कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई।














