इंफाल, 8 अगस्त।
मणिपुर और असम के कछार जिले में पुलिस और सुरक्षा बलों ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्ध उग्रवादी कैडरों को गिरफ्तार किया है। अभियानों के दौरान एक हथगोला, इंसास राइफल की खाली मैगजीन, तीन कारतूस के खोखे और चोरी का स्कूटर बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को कछार जिले के गोसाईपुर पार्ट-1 स्थित घर से यूएनएलएफ (पी) के कैडर अकोइजाम शंकर सिंघा (47) उर्फ चेप्टा उर्फ युमशंगबा को पकड़ा गया। उस पर जिरीबाम शहर के अलग-अलग स्थानों पर सिलचर-इंफाल मार्ग से गुजरने वाले ट्रक चालकों से कथित उगाही में शामिल होने का आरोप है।
एक अन्य कार्रवाई में काकचिंग जिले के वाइखोंग थाना क्षेत्र स्थित काकचिंग खुनौ उमाथेल अवांग लीकाई से सोरेपा के दो सक्रिय कैडर गिरफ्तार किए गए। इनकी पहचान मयांगलाम्बम निमाइचंद (25) उर्फ पांगनबा मैतेई और मयांगलाम्बम खोइरबा (27) उर्फ अचौबा मैतेई के रूप में हुई।
इंफाल पूर्वी जिले के पोरोंपाट थाना क्षेत्र में चेकॉन इलाके के आयांग पाली रोड से सोरेपा के एक कथित उगाहीकर्ता को भी पकड़ा गया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान खेरगाओ माखा लीकाई निवासी मोहम्मद मजाहर अली (52) के रूप में हुई। उसके पास से एक स्कूटर जब्त किया गया।
उधर, खुमान लम्पाक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में डूरंड कप मैच के दौरान बॉक्सिंग एरिना के पास पार्किंग से तीन अगस्त को एक स्कूटर चोरी हो गया था। सूचना के बाद सीडीओ/इंफाल वेस्ट की टीम ने कार्रवाई करते हुए लिलोंग यांगबी लीकाई निवासी नवाज खान (27) को दूसरे स्कूटर के साथ पकड़ा।
पूछताछ के बाद पुलिस ने छह अगस्त को लिलोंग इलाके से चोरी किया गया एक्टिवा बरामद कर लिया। मामले में फरार एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है।
एक और अभियान में सात अगस्त को इंफाल पूर्वी जिले के लामलाई थाना क्षेत्र के सेइजांग अवांग लीकाई से आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय कैडर प्हेरोइजाम करणजॉय सिंह (25) उर्फ कोरोउहनबा को गिरफ्तार किया गया।
उसकी निशानदेही पर उसके घर से हथगोला, डेटोनेटर और आर्मिंग रिंग, इंसास राइफल की एक खाली मैगजीन तथा राइफल के तीन खाली कारतूस के खोखे बरामद किए गए।















