रांची, 10 अगस्त।
झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहा छात्रों का आंदोलन सोमवार को और उग्र हो गया। तिरंगा, पोस्टर और बैनर लेकर बड़ी संख्या में छात्र नई विधानसभा की ओर बढ़े। उन्हें रोकने के लिए पुराने विधानसभा के पास कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई थी, लेकिन प्रदर्शनकारी एक के बाद एक बैरिकेड पार करते हुए विधानसभा से करीब 100 मीटर तक पहुंच गए।
प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच टकराव की स्थिति बनी। प्रदर्शनकारियों की ओर से किए गए पथराव में एक पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना है। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को पीछे हटाने के लिए लाठीचार्ज किया और प्रशासन ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
पुलिस की कार्रवाई के बावजूद छात्र पीछे नहीं हटे। कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड खींचकर हटा दिए और आगे बढ़ते रहे। प्रशासन की ओर से मुख्य मार्गों पर सुरक्षा घेरा बनाया गया था, लेकिन बड़ी संख्या में छात्र कच्चे और पहाड़ी रास्तों से होकर विधानसभा की ओर बढ़ गए।

कई प्रदर्शनकारी जगन्नाथ मंदिर तक भी पहुंच गए। कुछ छात्रों ने पुलिस की बैरिकेडिंग को पार करने के बजाय वैकल्पिक रास्तों का सहारा लिया। लगातार बढ़ती भीड़ के चलते रिफॉर्म मार्च के प्रतिनिधिमंडल के लिए भी प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया।
धरने पर बैठे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के विधायक जयराम महतो भी छात्रों के साथ विधानसभा के करीब पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से वहीं धरना देने और विधानसभा के गेट की ओर नहीं जाने का आग्रह किया। उन्होंने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने और संयम बनाए रखने की अपील की।
रिफॉर्म मार्च के प्रतिनिधिमंडल ने भी छात्रों से लगातार शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आंदोलन के दौरान किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सभी छात्र संयम रखें और विधानसभा की तरफ आगे न बढ़ें।

प्रशासन ने प्रतिनिधिमंडल से भी छात्रों को रोकने में सहयोग मांगा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदर्शनकारियों से यह भी कहा कि भीड़ में कोई असामाजिक तत्व नजर आए तो इसकी जानकारी तुरंत दी जाए, ताकि उसे पुलिस के हवाले किया जा सके और आंदोलन शांतिपूर्ण बना रहे।
प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्र स्पाइडरमैन और वनमानुष की वेशभूषा में भी नजर आए। उनके हाथों में अलग-अलग संदेश लिखे पोस्टर थे। कुछ प्रदर्शनकारियों में फिल्म 'पुष्पा' के किरदार की झलक भी देखने को मिली।

भूख हड़ताल कर रहे छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो पालकी में बैठकर धरना स्थल पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी से प्रदर्शनकारियों में उत्साह नजर आया। छात्र लंबे समय से जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं।
रिफॉर्म मार्च के प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों को बताया कि मार्च को जगन्नाथपुर मंदिर तक ले जाकर वहां धरना दिया जाएगा। विधानसभा की ओर छात्रों की लगातार बढ़ती संख्या और टूटती बैरिकेडिंग के कारण मौके पर तनाव बना रहा। प्रशासन प्रदर्शनकारियों को विधानसभा गेट तक पहुंचने से रोकने में जुटा रहा और छात्र अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ने पर अड़े रहे।


















