रांची, 10 अगस्त।
झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी सहित प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ सोमवार को रांची में विधानसभा घेराव किया गया। इस दौरान आंदोलन में अलग अंदाज देखने को मिला। चर्चित फिल्मी किरदार के अंदाज में वायरल ‘पुष्पा भाऊ’ छात्रों के समर्थन में पहुंचे और पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता जताई।
‘पुष्पा भाऊ’ ने कहा कि छात्रों का लंबे समय से जारी आंदोलन देखकर वह काफी आहत हुए हैं। इसी कारण वह उनके समर्थन में रांची पहुंचे। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की अपील की।
उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए कुछ प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां आपत्तिजनक भाषा और अश्लील टिप्पणियों की बातें सामने आई थीं। उनके अनुसार, रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों के बीच ऐसा माहौल दिखाई नहीं दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें सामने आ रही हैं, लेकिन रांची के आंदोलन की वास्तविक तस्वीर भी सभी के सामने है।
प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने को उन्होंने गंभीर समस्या बताया। उन्होंने कहा कि इसका सबसे ज्यादा असर गरीब और सामान्य परिवारों के विद्यार्थियों पर पड़ता है। ऐसे विद्यार्थी अपनी मेहनत, संघर्ष और उम्मीद के सहारे परीक्षाओं की तैयारी करते हैं।
उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से सक्षम परिवारों के पास पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पर्याप्त संसाधन होते हैं। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के युवा समय और पैसा लगाकर वर्षों तक तैयारी करते हैं। परीक्षा से पहले पेपर लीक या प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी की खबर उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर देती है।
‘पुष्पा भाऊ’ ने कहा कि ऐसी घटनाओं का सीधा असर झारखंड के युवाओं के भविष्य पर पड़ रहा है। विद्यार्थियों को तैयारी में कई साल लगाने पड़ते हैं और परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने से उनके बीच निराशा और असुरक्षा की भावना पैदा होती है।
उन्होंने कहा कि अमीर और गरीब सभी के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसर समान होने चाहिए। सरकार को छात्रों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर परीक्षा व्यवस्था में सुधार करना चाहिए। उनके अनुसार, प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर पारदर्शिता और निष्पक्षता बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के युवा प्रतियोगी परीक्षाओं को अपना भविष्य बदलने का महत्वपूर्ण माध्यम मानते हैं। ऐसे में परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी उनके लिए बड़ी चिंता का विषय बन जाती है।
आंदोलन स्थल पर छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए ‘पुष्पा भाऊ’ ने अपने खास अंदाज में कहा कि झारखंड के छात्रों को राष्ट्रीय खिलाड़ी समझा है क्या, ये अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड का छात्र झुकेगा नहीं।
अपने चर्चित अंदाज में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कान के नीचे रपारप-रपा रप देने से तानाशाही खत्म होगी और तभी व्यवस्था में सुधार आएगा। उनके इस अंदाज पर मौके पर मौजूद छात्रों में उत्साह नजर आया।
अंत में उन्होंने छात्रों के संघर्ष का समर्थन करते हुए कहा कि झारखंड का छात्र झुकेगा नहीं। प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे आंदोलन के बीच ‘पुष्पा भाऊ’ की मौजूदगी और उनके बयानों ने प्रदर्शन स्थल पर लोगों का ध्यान खींचा।















