मुंबई, 12 अगस्त।
मुंबई के घाटकोपर के अशोक नगर इलाके में बुधवार तड़के पहाड़ी का एक हिस्सा धंसकर गौसिया चॉल के छह घरों पर जा गिरा। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है। कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
घटना तड़के करीब सवा तीन बजे हुई। अब तक भूस्खलन के मलबे से छह लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। करीब छह लोगों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई है।
हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं।
मुंबई की महापौर रितु तावड़े के अनुसार, मलबे की चपेट में कई घर आए हैं। इलाके के कुछ घरों को पहले नोटिस जारी किए गए थे। अब पूरे मामले की समीक्षा की जाएगी।
उपनगर जिलाधिकारी ने मृतकों के परिजनों को तीन-तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और आसपास के जोखिम वाले घरों को सुरक्षित करना है।















