रांची, 12 अगस्त।
झारखंड के 29 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उनकी विशिष्ट, वीरतापूर्ण और सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। गृह विभाग ने सम्मानित होने वाले अधिकारियों और कर्मियों की सूची जारी कर दी है।
सूची के अनुसार, एक सहायक उपनिरीक्षक को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक, पांच पुलिसकर्मियों को वीरता पदक और तीन आईपीएस अधिकारियों समेत 23 अधिकारियों एवं कर्मियों को सराहनीय सेवा पदक दिया जाएगा। सम्मान पाने वालों में पांच महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
जैप-1 के सहायक उपनिरीक्षक कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक मिलेगा। वीरता पदक पाने वालों में लातेहार के अवर निरीक्षक विनय कुमार, आईआरबी-4 लातेहार के सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार राय, लातेहार जिला बल के आरक्षी वेद प्रकाश महतो और रामचंद्र कुमार महतो तथा आईआरबी-1 जामताड़ा के आरक्षी कृष्णा मुर्मू शामिल हैं।
सराहनीय सेवा के लिए सम्मानित होने वालों में महानिरीक्षक रेल डॉ. माइकल राज एस, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात आईपीएस अधिकारी अन्नेपु विजयालक्ष्मी और कोल्हान के उपमहानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा शामिल हैं।
इसके अलावा स्पेशल ब्रांच के उपाधीक्षक नीरज कुमार, वायरलेस के निरीक्षक अरुण कुमार, एसटीएफ के निरीक्षक मनोज कुमार राय, आईटीएस रांची के निरीक्षक असित कुमार मोदी तथा एसटीएफ के सहायक उपनिरीक्षक अरविंद कुमार पालित, वशिष्ठ कुंवर, संजीव कुमार झा और विजय कुमार को भी सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा।
रांची जिले के सहायक उपनिरीक्षक दीपक पुंज, सीआईडी के सहायक उपनिरीक्षक महेंद्र महतो, एसटीएफ के हवलदार इकबाल, हवलदार बिन्दराय मुण्डरी और हवलदार विजय थापा भी इस सम्मान के लिए चयनित हुए हैं।
महिला पुलिसकर्मियों में जैप-10 होटवार की महिला आरक्षी मान्ती खलखो और प्रभा देवी तथा महिला हवलदार रंजिता कुजूर को सराहनीय सेवा पदक मिलेगा। जैप-10 की महिला आरक्षी पुष्पा ओड़ेया को भी इसी श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा गढ़वा के आरक्षी विदेशी मांझी, चतरा के आरक्षी अजय कुमार दूबे और गुमला के आरक्षी दीपक कुमार सिंह को भी सराहनीय सेवा पदक दिया जाएगा।
पुलिस मुख्यालय ने सभी चयनित अधिकारियों और कर्मियों को 13 अगस्त की दोपहर तक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रांची के समक्ष रिपोर्ट करने का निर्देश दिया है। स्थानांतरण या नई पदस्थापना होने की स्थिति में संबंधित अधिकारी को इसकी सूचना पुलिस मुख्यालय तक पहुंचानी होगी।
स्वतंत्रता दिवस पर दिया जाने वाला यह पुलिस पदक पुलिसकर्मियों की विशिष्ट, वीरतापूर्ण और सराहनीय सेवाओं के सम्मान का प्रतीक है।















