इंफाल, 14 अगस्त।
मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने बीते 24 घंटे में अलग-अलग जिलों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और मादक पदार्थ बरामद किए गए। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े कई सक्रिय कैडरों समेत अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
इंफाल पूर्वी जिले के पोरमपाट थाना क्षेत्र के अवा-चिंग में 14 अगस्त को अभियान के दौरान एक .32 पिस्तौल, दो 12-बोर डबल बैरल बंदूकें, 13 सिंगल बैरल बंदूकें, एक .22 राइफल और दो 9 एमएम पिस्तौल मिलीं। इसके अलावा छह हैंड ग्रेनेड, तीन वायरलेस सेट, 14 कारतूस, तीन एंटी-रायट ग्रेनेड, रबर बुलेट और आंसू गैस के गोले बरामद हुए।
मयांग इंफाल थाना क्षेत्र के इरोंग खुनौ में 13 अगस्त को पुलिस टीम ने दो लोगों को पकड़ा। उनके पास से 102 संदिग्ध डब्ल्यूवाई टैबलेट और आठ संदिग्ध एसपी टैबलेट बरामद हुए। आरोपितों की पहचान बसेमायुम थोइबा उर्फ हफीजुद्दीन और मोहम्मद मेराइमयुम अब्दुल कलाम उर्फ बाबोय के रूप में हुई।
कांगपोकपी जिले के जौपी और खोइरोक गांवों में पुलिस, सीआरपीएफ, कोब्रा और आरएएफ की संयुक्त टीम ने तलाशी ली। यहां एक .22 राइफल, पांच सिंगल बैरल बंदूकें, चार वॉकी-टॉकी सेट, छह चार्जर, 158 12-बोर कारतूस और छह खाली खोखे मिले। जौपी निवासी हेनमिनथांग हाओकिप और जाम्मिनलाल किपगेन को हिरासत में लिया गया।
पटसोई थाना क्षेत्र में अपहरण और गोलीबारी के मामले में 12 अगस्त को यूएनएलएफ (के) के कथित कैडर युमखैबाम ब्रोजेन को गिरफ्तार किया गया। 13 अगस्त को इंफाल पश्चिम के सागोलबंद माबुदौ मंतरी लैकाई स्थित आवास से आरपीएफ/पीएलए के कथित सदस्य निंगोम्बम इबोमचा मैतेई उर्फ बिरामंगोल को पकड़ा गया।
काकचिंग जिले के काकचिंग इरुमपाल इलाके में सुरक्षा बलों ने आरपीएफ/पीएलए के कथित सक्रिय कैडर निंगथौजम खेमा मैतेई उर्फ इनाओ को गिरफ्तार किया। उसके आवास से अमोम इंगोचा सिंह उर्फ चुमथांग को भी पकड़ा गया।
सेनापति जिले के कैलेंजांग गांव में अभियान के दौरान पांच एसबीबीएल बंदूकें, एक 9 एमएम पिस्तौल, दो चीनी हैंड ग्रेनेड, 13 कारतूस और 33 खाली खोखे बरामद किए गए।
चुराचांदपुर जिले में पुलिस और सीआरपीएफ ने स्थानीय महिला संगठनों के समन्वय से सिंघाट थाना क्षेत्र के टी खाजांग गांव और आसपास के इलाकों में कार्रवाई की। यहां एक अवैध शराब भट्ठी नष्ट की गई और करीब 2,000 लीटर डीआईसी शराब, 19 धातु के बर्तन, 24 छोटे ड्रम तथा सूखी यीस्ट के दो डिब्बे बरामद किए गए।
सेनापति थाना क्षेत्र में जांच के दौरान नगालैंड के लोंगा गांव निवासी इमलियाकुम लोंगकुमेर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 446 ग्राम वजन के 37 साबुन के डिब्बे और एक बोलेरो वाहन मिला।
पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है।















