चमोली, 14 अगस्त।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोपेश्वर के जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर पीपलकोटी के मायापुर में स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल हादसे के बाद वहां से सुरक्षित बचाए गए घायलों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना।
इस दौरान उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पीड़ित श्रमिकों के इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सीय सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। उन्होंने कहा कि टनल में फंसे अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रभावित परिवारों को समय पर आधिकारिक सूचना देने के लिए अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों से भी लगातार संपर्क साधा जा रहा है। इसके साथ ही इस पूरे हादसे की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।















