मुंबई, 17 अगस्त।
महाराष्ट्र के पालघर जिले के बोइसर स्थित तारापुर एमआईडीसी क्षेत्र में विराज प्रोफाइल कंपनी के एसएमएस-1 संयंत्र में सोमवार सुबह जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में तीन मजदूर घायल हुए हैं। घटना के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मजदूर बाहर निकलने लगे।
पुलिस के अनुसार, पहली पाली का काम शुरू होने के कुछ ही देर बाद भट्ठी के टैंक में अचानक विस्फोट हुआ। इसके बाद कारखाने में आग लग गई। घटना के समय परिसर में करीब 100 से 150 मजदूर मौजूद थे।
धमाके की तेज आवाज सुनकर कर्मचारियों और आसपास रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ मजदूरों के घटनास्थल पर फंसे होने की आशंका भी जताई गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल दल मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने के साथ राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
विस्फोट की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और संबंधित प्रशासन मामले के कारणों की जांच में जुटे हैं। घटनास्थल पर राहत कार्य जारी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सोमवार सुबह कंपनी में लगातार तीन जोरदार विस्फोट हुए। धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास का क्षेत्र दहल उठा। कारखाने में इस्तेमाल होने वाली लोहे की चादरें दूर जा गिरीं और सुरक्षा कर्मियों के केबिन के कांच भी टूट गए।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और राहत दल तत्काल मौके पर पहुंचे। अब तक तीन मजदूरों के घायल होने की पुष्टि हुई है। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।














