भरूच, 17 अगस्त।
गुजरात के भरूच जिले के दहेज स्थित जीआईडीसी की एक कंपनी के वेयरहाउस में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची लपटों के साथ काले धुएं का घना गुबार आसमान में दिखाई देने लगा।
घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
आग की गंभीर स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव दलों को भी सतर्क किया गया है। स्थानीय पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा से जुड़े अधिकारी मौके की स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
दमकलकर्मी आग को नियंत्रित करने के लिए पानी के साथ रासायनिक झाग का इस्तेमाल कर रहे हैं। आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हादसे के समय वेयरहाउस में कितने कर्मचारी मौजूद थे और इससे कितना आर्थिक नुकसान हुआ, इसकी जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है।
प्रशासन और दमकल विभाग का मुख्य जोर आग को पूरी तरह बुझाने तथा आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखने पर है। फिलहाल किसी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।















