लुसाका (जाम्बिया), 18 अगस्त।
जाम्बिया के राष्ट्रपति हाकाइंडे हिचिलेमा को लगातार दूसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए फिर से राष्ट्रपति चुना गया है। चुनाव आयोग ने मंगलवार सुबह परिणाम की घोषणा करते हुए बताया कि हिचिलेमा को 51 प्रतिशत से अधिक मत मिले हैं। राष्ट्रपति पद के लिए पिछले गुरुवार को मतदान हुआ था।
64 वर्षीय हिचिलेमा को कुल 29,65,326 मत मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी और नेशनल रेस्टोरेशन पार्टी फॉर यूनिटी एंड प्रोग्रेस के विपक्षी नेता ब्रायन मुंडुबिले को 18,56,217 मत हासिल हुए।
चुनाव आयोग की अध्यक्ष म्वांगाला जालौमिस ने हिचिलेमा को जाम्बिया गणराज्य का निर्वाचित राष्ट्रपति घोषित किया। परिणाम सामने आने के बाद हिचिलेमा ने जनता के भरोसे के लिए आभार जताया और कहा कि वह देश के सर्वोच्च पद की जिम्मेदारी फिर संभालने को लेकर अभिभूत हैं।
इस राष्ट्रपति चुनाव पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नजर थी। पिछले शुक्रवार को मतगणना रोक दी गई थी। कुछ घंटे बाद कड़ी सुरक्षा के बीच इसे दोबारा शुरू किया गया।
चुनाव आयोग के मुताबिक, कुछ मतदान अधिकारियों पर हमले हुए थे और कुछ मतपत्र चोरी हो गए थे। सरकार ने भी पुष्टि की कि चुनाव की रात विपक्ष के कई वरिष्ठ नेताओं को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उन पर राज्य की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने का आरोप लगाया था।
हिचिलेमा की जीत की घोषणा से पहले ही लुसाका की सड़कों पर लोगों की हलचल बढ़ गई थी। नतीजे घोषित होने के बाद अलग-अलग वर्गों के लोग सड़कों पर पहुंच गए और सुबह की ठंड के बावजूद जीत का जश्न मनाया।
हिचिलेमा की पार्टी और सत्तारूढ़ यूनाइटेड पार्टी फॉर नेशनल डेवलपमेंट के अध्यक्ष कॉलिन्स माओमा ने चुनाव परिणाम का स्वागत किया। उन्होंने राष्ट्रपति से अपने नेतृत्व की मौजूदा शैली को आगे भी बनाए रखने का आग्रह किया।















