पिथौरागढ़, 19 अगस्त।
उत्तराखंड के सरहद पर बसे पिथौरागढ़ जिले के धारचूला-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीती बुधवार को ऊपर से भारी बोल्डर आ गिरने के कारण कुलागाड़ के निकट बना एक महत्वपूर्ण पुल बुरी तरह टूट गया। इस दुर्घटना के चलते सीमावर्ती क्षेत्रों को आपस में जोड़ने वाले इस मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।
इस घटना की जानकारी मिलते ही सीमा सड़क संगठन यानी बीआरओ का अमला फौरन घटनास्थल पर जा पहुंचा और मार्ग को बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य शुरू कर दिया। बीआरओ के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि वाहनों का यातायात जल्द से जल्द चालू करने के वास्ते एक वैकल्पिक मार्ग यानी डायवर्जन तैयार किया जा रहा है और इसे आज शाम तक मुकम्मल कर लिए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
पुल के क्षतिग्रस्त होने की वजह से इस रूट पर फिलहाल परिवहन सेवाएँ बाधित हैं। स्थानीय प्रशासन और बीआरओ ने क्षेत्र से गुजरने वाले यात्रियों के साथ ही स्थानीय निवासियों से संयम और सावधानी बरतने तथा सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का सख्ती से पालन करने की पुरजोर अपील की है।














