जैसलमेर, 22 अगस्त।
आगामी त्यौहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशों पर शहर में विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया गया है। इसी सिलसिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न मिष्ठान भंडारों, भोजनालयों और होटलों की औचक जांच की और गुलाब जामुन, मावा, पनीर तथा तेल समेत कुल छह संदग्धि नमूने जब्त कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
जांच के दौरान जोधपुर स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट तथा होटल जैसलगढ़ में साफ-सफाई व स्वच्छता के मानकों की अनदेखी मिलने पर संबंधित संचालकों को सुधार नोटिस थमाया गया है। अधिकारियों ने उन्हें तय समयसीमा के भीतर तमाम कमियां दुरुस्त करने की सख्त हिदायत दी है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में व्यक्तिगत साफ-सफाई रखने, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र और पेयजल रिपोर्ट दुरुस्त रखने के साथ ही तय मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। विभाग का यह अभियान त्यौहारों के सीजन तक लगातार जारी रहेगा ताकि आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके।
इस दौरान आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे बाजार से कोई भी खाद्य सामग्री खरीदते वक्त उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, निर्यात तिथि और पंजीकरण की जांच जरूर करें ताकि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य हानि से बचा जा सके।















