मुंबई, 28 अगस्त।
मुंबई में एक सितंबर से दूध की कीमतों में 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी होने जा रही है। दूध उत्पादकों से जुड़ी संस्था ने नई कीमतों का ऐलान किया है। इसके बाद मुंबई में दूध का थोक भाव 93 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा।
नई दरें एक सितंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेंगी। यह निर्णय जोगेश्वरी स्थित दीवान सेंटर हॉल में हुई बैठक के दौरान लिया गया। दूध उत्पादकों ने बढ़ती लागत को देखते हुए कीमत बढ़ाने का फैसला किया है।
पशुओं के चारे की कीमतों में बढ़ोतरी
दूध की कीमत बढ़ाने के पीछे डेयरी पशुओं की बढ़ती कीमतों के साथ उनके चारे की महंगाई को प्रमुख कारण बताया गया है। बैठक में जानकारी दी गई कि अनाज, तुरचुनी और चना चुन्नी जैसे पशु आहार की कीमतों में करीब 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है।
चारे और खली समेत अन्य जरूरी चीजों के महंगे होने से दूध उत्पादकों पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है। बढ़ती उत्पादन लागत के कारण दूध का भाव बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
102 रुपये प्रति लीटर होगा भाव
नई दर लागू होने के बाद मुंबई में दूध का थोक भाव 102 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। दूध उत्पादकों का कहना है कि बढ़ी हुई कीमत से उत्पादन पर बढ़ रहे खर्च का कुछ बोझ कम करने में मदद मिलेगी।
दिल्ली-एनसीआर में दूध के मौजूदा दाम
दिल्ली-एनसीआर के साथ गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में फुल क्रीम दूध फिलहाल 72 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। स्थानीय दूध विक्रेता करीब 80 रुपये प्रति लीटर में दूध बेच रहे हैं। गाय के दूध की कीमत 65 से 70 रुपये प्रति लीटर के बीच है। स्थानीय डेयरी और खुले दूध के विक्रेताओं के दाम क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं।














